- Hindi News
- International
- Bangladesh Announces 7 day Countrywide Lockdown From April 5 । Pakistan Not Ready To Combat COVID 19 Third Wave । Coronavirus Worldwide । Third Wave Of Coronavirus
Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप
24 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मैक्सिको की राजधानी मैक्सिको सिटी में एक बुजुर्ग महिला को वैक्सीन लगाने के प्रेरित करता रेसलर (WWE फाइटर)।
बांग्लादेश में कोरोना की नई वेव (लहर) तेजी से फैल रही है। यहां 5 अप्रैल से 1 सप्ताह का लॉकडाउन लगाया जा रहा है। वहीं, UK में ऑक्सफोर्ड की एस्ट्राजेनेका वैक्सीन लगने के बाद 7 लोगों की मौत हो गई है। इस घटना के बाद एक बार फिर एस्ट्राजेनेका वैक्सीन लगने के बाद ब्लड क्लॉटिंग पर बहस शुरू हो गई है। अब तक कुल एक करोड़ 80 लाख लोगों को इस कंपनी की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। इसमें से 30 लोगों को क्लॉटिंग की समस्या हुई है।
फैक्ट्रियों और कंपनियों को लॉकडाउन से राहत
बांग्लादेश के परिवहन मंत्री अब्दुल कादिर ने शनिवार सुबह लॉकडाउन की घोषणा की। कादिर बांग्लादेश की PM शेख हसीना की पार्टी के जनरल सेक्रेटरी भी हैं। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन में सभी ऑफिस और कोर्ट बंद रहेंगे। हालांकि, फैक्ट्रियों और कंपनियों को राहत दी गई है। लोक प्रशासन मंत्री फरहद हुसैन ने बताया कि फैक्ट्री और कंपनियां बंद करने पर कर्मचारी गांवों की तरफ लौटने लगते। इसलिए उन्हें चालू रखने का निर्णय लिया गया है।
PM ऑफिस ने जारी किया 18 पॉइंट का नोट
इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री ऑफिस से भी कोरोना गाइडलाइन की सख्ती को लेकर 18 पॉइंट का नोट जारी किया गया था। इसमें कहा गया है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए लोगों के इकट्ठा होने पर रोक लगा दी गई है। सामाजिक, राजनैतिक और धार्मिक सभी आयोजन बंद रहेंगे। बसों में उनकी क्षमता से आधे यात्री ही ले जाए जा सकेंगे। बांग्लादेश में पिछले कुछ दिनों से कोरोना के मामले बड़ी तादाद में सामने आ रहे हैं। यहां बुधवार को 5,358 मामले सामने आए, जो पिछले साल मार्च से अब तक आए केस में सबसे ज्यादा हैं। पिछले 24 घंटों में यहां 50 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 9,155 हो गया है।
पाकिस्तान कोरोना की तीसरी वेव झेलने की स्थिति में नहीं
भारत के पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पाकिस्तान की मुख्य विपक्षी पार्टी PPP के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो-जरदारी का कहना है कि उनका देश इस स्थिति में नहीं है कि वायरस की तीसरी वेवे झेल सके। इसका सबसे बड़ा कारण पाकिस्तान की सरकार का सभी के लिए वैक्सीन खरीदने से इनकार करना है। उन्होंने अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक में ये बात कही। उन्होंने कहा कि वैक्सीनेशन के मामले में हम भारत, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका से भी पीछे हैं। ये हमारी सरकार की कमजोरी बताने के लिए काफी है। यहां तक की युद्ध जैसे हालात झेल रहा अफगानिस्तान भी इस मामले में हमसे आगे हैं।
चीन की वैक्सीन लगवाने से हेल्थ वर्कर्स का भी इनकार
पाकिस्तान में वैक्सीनेशन की प्रक्रिया बहुत धीमी गति से चल रही है। यहां सिर्फ चीन की वैक्सीन लगाई जा रही है, जिसे लगवाने से हेल्थ वर्कर्स ने भी इनकार कर दिया है। उन्हें वैक्सीन की विश्वसनीयता और सुरक्षा पर भरोसा नहीं है। चीन से वैक्सीन की पहली खेप 1 फरवरी को पाकिस्तान आई थी। इस खेप में 0.5 मिलियन (5 लाख) वैक्सीन भेजी गई थी।
ब्राजील में क्लासेस शुरू होंगी, बार और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे
ब्राजील में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 70,238 मामले सामने आए। इस साउथ अमेरिकी देश में कोरोना ने बड़ी आबादी को संक्रमित कर दिया है। ब्राजील एक्टिव केस और मौत के मामले में दुनिया में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर है। यहां सबसे ज्यादा संक्रमण साउ पाउलो और रियो डी जेनेरो शहर में है। इन दोनों शहरों में क्लासेस सोमवार से शुरू हो जाएंगी, लेकिन 9 अप्रैल तक बार और रेस्टोरेंट पर रोक लगाई हुई है। ब्राजील में वैक्सीनेशन जनवरी से शुरू हुआ था।

ब्राजील के अमेजन राज्य के अनामा में नदी के दूसरी तरफ कोरोना मरीज का इलाज करने जाता हेल्थ वर्कर।
अर्जेंटीना में अब तक 56,023 लोगों की मौत
पांच करोड़ की आबादी वाले देश अर्जेंटीना में अब तक 2,373,153 लोग कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं। पिछले 24 घंटे में यहां 9,902 केस मिले हैं, जबकि 56,023 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक अर्जेंटीना में 2,121,954 लोग कोरोना से रिकवर हुए हैं। यहां दिसंबर 2020 में ही वैक्सीनेशन शुरू हो गया था। अब तक 3,480,127 लोगों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 31,314,625 | 567,610 | 23,825,635 |
ब्राजील | 12,912,379 | 328,366 | 11,276,628 |
भारत | 12,392,260 | 164,141 | 11,569,241 |
फ्रांस | 4,741,759 | 96,280 | 297,734 |
रूस | 4,572,077 | 100,017 | 4,195,869 |
UK | 4,353,668 | 126,816 | 3,873,487 |
इटली | 3,629,000 | 110,328 | 2,953,377 |
तुर्की | 3,400,296 | 31,892 | 3,059,462 |
स्पेन | 3,291,394 | 75,541 | 3,054,725 |
जर्मनी | 2,872,379 | 77,421 | 2,560,400 |
अब तक 13.09 करोड़ लोग संक्रमित
दुनिया में अब तक 13.9 करोड़ लोग वायरस की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10.53 करोड़ लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 28.52 लाख मरीजों की मौत हो गई। 2.26 करोड़ मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। इनमें 97,682 मरीजों की हालत गंभीर है।