कांग्रेस के एक और विधायक के लक्ष्मीनारायणन ने पार्टी के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। अब राज्य में सत्ता पक्ष के 13 और विपक्षी विधायकों की संख्या 14 हो गई है। 22 फरवरी को फ्लोर टेस्ट है।
केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में कांग्रेस सरकार का जाना लगभग तय हो चुका है। फ्लोर टेस्ट से ठीक एक दिन पहले रविवार को कांग्रेस के एक और विधायक के. लक्ष्मीनारायणन ने पार्टी के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष वीपी शिवकोझुंडू को अपना इस्तीफा सौंपा। अब राज्य में सत्ता पक्ष के 13 और विपक्षी विधायकों की संख्या 14 हो गई है। ऐसे में वी नारायणसामी सरकार का गिरना तय माना जा रहा है।
कांग्रेस विधायकों की संख्या 15 से घटकर 9 हुई
लक्ष्मीनारायणन के इस्तीफे के बाद पुडुचेरी विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की संख्या 15 से घटकर 9 हो गई है। इससे पहले इस्तीफा देने वालों में विधायक ए जॉन कुमार, ए नमस्सिवम, मल्लादी कृष्णा राव और ई थेपयन्थन शामिल हैं। इनके अलावा कांग्रेस विधायक एन धनवेलु को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण अयोग्य घोषित कर दिया गया है। इसके साथ ही नमस्सिवम और थेपयन्थन भाजपा में शामिल हो चुके हैं, बाकी नेता भी जल्द ही BJP में जा सकते हैं।
नई LG ने 22 फरवरी को फ्लोर टेस्ट का निर्देश दिया है
चार विधायकों के इस्तीफे के बाद राज्य के CM नारायणसामी ने बहुमत में होने का दावा किया था। पुडुचेरी की नई उपराज्यपाल डॉ. तिमिलिसाई सुंदरराजन से उन्होंने मुलाकात भी की थी। तीन दिन पहले राज्यपाल ने 22 फरवरी को पुडुचेरी विधानसभा को आयोजित करने का निर्देश दिया था। 5 बजे तक फ्लोर टेस्ट करवाने का निर्देश दिया गया है। यहां सरकार का कार्यकाल 8 जून को पूरा होने वाला है। राज्य में इसी साल अप्रैल-मई में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। हालांकि, अभी तारीख तय नहीं है।
चार दिन पहले उपराज्यपाल किरण बेदी को हटाया गया
केंद्र सरकार ने चार दिन पहले उपराज्यपाल किरण बेदी को हटा दिया था। उनकी जगह तेलंगाना की गवर्नर डॉ. तिमिलिसाई सुंदरराजन को पुडुचेरी का LG बनाया गया। खास बात यह है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने राजनीतिक उठापटक के बीच राज्य का दो दिन का दौरा किया था, लेकिन वे पार्टी को नुकसान से नहीं बचा सके।
विधानसभा में दलों की स्थिति
कुल सीट: 30+(3 नोमिनेटेड)
सत्ता पक्ष: कांग्रेस-9, DMK-3, निर्दलीय-1= 13
विपक्ष: AINRC-8, AIADMK-4, भाजपा-3=14
नोट- भाजपा के तीनों विधायक नोमिनेटेड हैं।