शुक्रवार को तेल अवीव के एक वैक्सीनेशन सेंटर पर मौजूद लोग। इजराइल आबादी के वैक्सीनेशन के हिसाब से सबसे आगे है। यहां अब तक 90 लाख लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है।
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 10.58 करोड़ से ज्यादा हो गया। 7 करोड़ 75 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 23 लाख 07 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। अमेरिका में सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (CDC) ने कहा है कि देश में नए कोरोना वैरिएंट्स से जुड़े 600 केस मिल चुके हैं। इजराइल में वैक्सीनेशन का असर देखने मिल रहा है। यहां के पार्कों में अब बच्चों के साथ बुजुर्ग भी नजर आने लगे हैं।
अमेरिका के 33 राज्यों में खतरा बरकरार
CNN की एक रिपोर्ट में CDC के हवाले से बताया गया है कि देश में अब तक कोविड-19 के नए वैरिएंट से जुड़े 600 केसों की पहचान की गई है। इसकी वजह से खतरा बढ़ रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि तमाम कोशिशों के बावजूद देश के 33 राज्यों में हालात अब भी खतरनाक हैं। कुल मिलाकर इन्हीं राज्यों में नए वैरिएंट के 618 मामले सामने आए हैं। खास बात यह है कि 618 में से 611 केस एक ही वैरिएंट B.1.1.7 से जुड़े हैं। यह वही वैरिएंट है जो सबसे पहले ब्रिटेन में पाया गया है।

न्यूयॉर्क में वैक्सीन लगवाने के लिए लंबी लाइनें लग रही हैं। देश के 33 राज्यों में हालात अब भी खतरनाक हैं। कुल मिलाकर इन्हीं राज्यों में नए वैरिएंट के 618 मामले सामने आए हैं।
इजराइल में लौटने लगी रौनक
‘द गार्डियन’ की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इजराइल में वैक्सीनेशन का असर देखने मिल रहा है। यहां के पार्कों और सड़कों पर रौनक लौट रही है। कई पार्कों में सिर्फ बच्चे ही नहीं बल्कि बुजुर्ग भी खुलकर घूमते दिख रहे हैं। तेल अवीव और यरुशलम में तो खास तौर पर हालात में सुधार देखा गया है।
दुनिया के दूसरे किसी भी देश की तुलना में इजराइल में वैक्सीनेशन प्रॉसेस काफी तेजी से चल रहा है। यहां अब तक 90 लाख लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। 50 साल से ऊपर के 80% लोगों को वैक्सीनेट किया जा चुका है। सरकार ने साफ कर दिया है कि 16 साल से ऊपर के सभी लोगों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीन लगवानी होगी।
लॉकडाउन भी बढ़ा
पिछले महीने ही सरकार ने 27 दिसंबर से लागू लॉकडाउन को तीसरी बार आगे बढ़ाया था। तब वैक्सीनेशन के बाद भी मरीज बढ़ रहे थे। 26 जनवरी को इसराइल ने बेन गुरियन एयरपोर्ट को बंद कर दिया था। पहले 5 फरवरी तक लॉकडाउन का ऐलान किया गया था। इजराइल आबादी के वैक्सीनेशन के हिसाब से सबसे आगे है।
PM नेतन्याहू ने कहा कि यह अच्छा है कि कैबिनेट ने हेल्थ मिनिस्ट्री और मेरी सिफारिशों मामूली बदलावों के साथ मंजूर कर लिया है। अब लॉकडाउन रविवार सुबह तक जारी रहेगा। लोग निर्देशों का पालन करें और वैक्सीन लगवाएं। 50 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन देने पर हम जितना जोर देंगे उतनी ही जल्दी इकोनॉमी को खोल पाएंगे। अब तक, इजराइल ने कोरोना के 6,79,149 मामले दर्ज किए हैं। इनमें 5,019 की मौत हुई है। बीते 24 घंटों में यहां 5,238 नए केस मिले हैं।
न्यूजीलैंड में एक और केस
न्यूजीलैंड ने जिन होटल्स में क्वॉरैंटीन फेसेलिटी दी है, वहां के एक होटल में पांचवा केस सामने आया है। इस व्यक्ति के बारे में ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन यह जरूर बताया गया है कि वो 14 दिन क्वॉरैंटीन में गुजार चुका था और अब भी उसे 5 दिन और यहीं रहना होगा। न्यूजीलैंड सरकार ने कहा- सबसे जरूरी चीज सेल्फ आईसोलेशन है। हम किसी भी कीमत पर इसके महत्व को नकार नहीं सकते।
टॉप-10 देश, जहां अब तक सबसे ज्यादा लोग संक्रमित हुए
देश | संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 27,407,324 | 470,705 | 17,146,169 |
भारत | 10,815,222 | 154,956 | 10,509,790 |
ब्राजील | 9,449,088 | 230,127 | 8,326,798 |
रूस | 3,934,606 | 75,732 | 3,413,495 |
UK | 3,911,573 | 111,264 | 1,862,645 |
फ्रांस | 3,274,608 | 77,952 | 228,472 |
स्पेन | 2,943,349 | 60,802 | N/A |
इटली | 2,597,446 | 90,241 | 2,076,928 |
तुर्की | 2,508,988 | 26,467 | 2,396,199 |
जर्मनी | 2,267,027 | 60,997 | 2,008,200 |
(ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus/ के मुताबिक हैं)