कोरोना की मार झेल रहे दुनिया के लिए वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने नए साल पर बड़ा ऐलान किया है। 2021 के पहले ही दिन WHO ने फाइजर-बायोएनटेक की कोरोना वैक्सीन को इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूव्ड कर दिया। कोरोना की यह पहली वैक्सीन है जिसे WHO की तरफ से अप्रूवल मिली है। अब दुनिया के सभी देश जल्द से जल्द इस वैक्सीन को इस्तेमाल में ला सकते हैं। WHO ने एक स्टेटमेंट जारी कर बताया कि फाइजर की इस वैक्सीन का इमरजेंसी यूज किया जा सकता है। टेस्टिंग में सभी मानकों पर ये खरी उतरी है।
चीन ने स्वदेशी वैक्सीन को अप्रूवल दिया
चीन ने गुरुवार को देश में बनी कोरोना वैक्सीन के इमरजेंसी यूज को कंडीशनल अप्रूवल दे दिया। साथ ही ऐलान किया कि यह हर नागरिक के लिए फ्री रहेगी। यह वैक्सीन सरकारी फार्मा कंपनी सिनोफार्म ने तैयार की है।
मंजूरी से एक दिन पहले सिनोफार्म ने कहा था कि वैक्सीन ने 79.34 % इफिकेसी और फेज थ्री के क्लीनिकल ट्रायल में 99.52 % एंटी बॉडी पॉजिटिव कन्वर्जन रेट दिखाया है।
नेशनल मेडिकल प्रोडक्ट्स एडमिनिस्ट्रेशन के डिप्टी हेड चेन शिफी ने बुधवार को बताया कि यह वैक्सीन बीजिंग बायोलॉजिकल प्रोडक्ट्स इंस्टीट्यूट ने बनाई है। यह फर्म सिनोफार्म की सहायक कंपनी चाइना नेशनल बायोटेक ग्रुप (CNBG)के अंडर में काम करती है। इसे नेशनल मेडिकल प्रोडक्ट्स एडमिनिस्ट्रेशन से बुधवार को मंजूरी मिल गई।
बीजिंग बायोलॉजिकल प्रोडक्ट्स इंस्टीट्यूट के मुताबिक, ट्रायल के नतीजे दिखाते हैं कि यह वैक्सीन सेफ है और जिन लोगों को इसके दो डोज दिए गए उनमें हाई लेवल के एंटीबॉडी तैयार हो गई।
पाकिस्तान ने भी अपने हेल्थ वर्कर्स के लिए सिनोफार्म की वैक्सीन की प्री-बुकिंग करने का फैसला लिया है।
अमेरिकी एक्सपर्ट ने कहा- सही वैक्सीनेशन हुआ तो जुलाई तक हालात नॉर्मल हो जाएंगे
दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8.36 करोड़ के ज्यादा हो गया। 5 करोड़ 91 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 18 लाख 22 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर दुनियाभर में 5 लाख से ज्यादा नए मरीज बढ़े।
अमेरिका के वायरल डिसीज एक्सपर्ट डॉक्टर एंथोनी फौसी ने कहा है कि अगर देश में वैक्सिनेशन सही तरीके से हुआ तो अगले साल के आखिर में हालात पहले की तरह यानी नॉर्मल हो सकते हैं। उधर, बेल्जियम ने बाहर से आने से वाले लोगों के लिए दो दिन का क्वारैंटाइन जरूरी कर दिया है।
वैक्सीनेशन सबसे ज्यादा जरूरी
अमेरिकी मेडिकल एक्सपर्ट और ट्रम्प एडमिनिस्ट्रेशन में कोरोना टास्क फोर्स के मेंबर डॉक्टर फौसी ने कैलिफोर्निया के गवर्नर गेविन न्यूसन को एक इंटरव्यू दिया। इसमें कहा- अगर अमेरिकी प्रशासन अपने नागरिकों का सही तरीके से और वक्त पर वैक्सिनेशन कराने में कामयाब रहा तो इसमें कोई दो राय नहीं कि 2021 के आखिर तक हालात बिल्कुल सामान्य हो जाएंगे। मुझे लगता है कि अप्रैल तक आते-आते हम बड़े पैमाने पर वैक्सिनेशन कर चुके होंगे। अप्रैल तक इसका असर दिखने लगेगा। आप ये मानकर चलिए कि हमारे लिए अप्रैल से लेकर जुलाई तक के महीने बहुत अहम होंगे।
फौसी ने एक सवाल के जवाब में कहा- अगर लोग वैक्सिनेशन कराते हैं तो हम जुलाई तक स्कूल, थिएटर, स्पोर्ट्स क्लब्स और रेस्टोरेंट्स में पहले की तरह जा सकेंगे। इसलिए मैं लोगों से फिर अपील करता हूं कि वे जल्द से जल्द वैक्सीन लगवाएं।

बेल्जियम में नए नियम
बेल्जियम सरकार ने बुधवार को दो तरह की गाइडलाइन जारी कीं। इनमें बाहर यानी दूसरे देशों लोगों पर ज्यादा फोकस किया गया है। गाइडलाइन्स के मुताबिक, अब देश में प्रवेश करने वाले हर यात्री को दो दिन क्वारैंटाइन रहना होगा। इस दौरान उसके टेस्ट किए जाएंगे। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आती है तो उसे सरकारी अस्पतालों में रखा जाएगा। ऐसे हर यात्री का पहले और सातवें दिन टेस्ट किया जाना जरूरी होगा। जब तक उसकी रिपोर्ट निगेटिव नहीं आती तब तक उसे क्वारैंटाइन रहना होगा। ब्रिटेन से आने वाले लोगों पर बैन फिलहाल जारी है।
चीन में नए साल पर सख्ती
चीन ने कोरोना का फैलाव रोकने के लिए नए साल की छुट्टियों में लाखों प्रवासियों को सफर न करने की सलाह दी है। नेशनल हेल्थ कमीशन ने सीधे तौर पर तो इसके लिए मना नहीं किया, लेकिन फिर भी यह हैरान करने वाला फैसला है।
फरवरी में चीन में मनाया जाने वाला न्यू इयर सबसे बड़ा ट्रेडिशनल हॉलिडे है। यह साल का इकलौता मौका होता है जब वर्कर्स को परिवार से मिलने के लिए घर जाने का मौका मिलता है।
नेशनल हेल्थ कमीशन का कहना है कि सरकार छ़ुट्टी पर घर न जाने के लिए लोगों को मोटिवेट कर रही है। जो वर्कर ऐसा करते हैं, उन्हें ओवरटाइम दिया जाना चाहिए और दूसरे मौकों पर छुट्टी की पेशकश करनी चाहिए। चीन ने अपने यहां कोरोना वायरस पर काबू कर लिया है। यह दोबारा फैलने की आशंका से अधिकारी हाई अलर्ट पर हैं। इसके लिए टूरिस्टों को छुट्टी के दौरान राजधानी बीजिंग न आने के लिए कहा गया है।
कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात
देश |
संक्रमित | मौतें | ठीक हुए |
अमेरिका | 20,237,964 | 351,127 | 12,004,898 |
भारत | 10,282,624 | 148,950 | 9,876,557 |
ब्राजील | 7,619,970 | 193,940 | 6,707,781 |
रूस | 3,159,297 | 57,019 | 2,554,340 |
फ्रांस | 2,600,498 | 64,381 | 193,045 |
यूके | 2,488,780 | 73,512 | N/A |
तुर्की | 2,208,652 | 20,881 | 2,100,650 |
इटली | 2,107,166 | 74,159 | 1,463,111 |
स्पेन | 1,921,115 | 50,689 | N/A |
जर्मनी | 1,735,819 | 33,917 | 1,328,200 |
(आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं)